Fri, 26 Feb 2010 20:56:00 +0000 पर्यावरण हितैषी शहर होगा नया रायपुर
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की मंशा के अनुरूप नया रायपुर देश की उत्कृष्ट और पर्यावरण हितैषी राजधानी के रूप विकसित होगा।
36गढ़ डाट इन
रायपुर,26 फरवरी(36गढ़ डाट इन) मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की मंशा के अनुरूप नया रायपुर देश की उत्कृष्ट और पर्यावरण हितैषी राजधानी के रूप विकसित होगा। के लगातार प्रयासों से राज्य को तेरहवें वित्त आयोग से नया रायपुर की विकास परियोजनाओं के लिए 550 करोड़ रूपये का अनुदान प्राप्त हुआ है।
तेरहवें वित्त आयोग ने छत्तीसगढ़ को नया रायपुर की परियोजना और राज्य की विशिष्ट आवश्यकताओं के लिए 1281 करोड़ रूपये का अनुदान दिया है। वित्त आयोग से प्रदेश को कुल 6 हजार 175 करोड़ रूपये अनुदान के रूप मे मिले हैं।
अनुदान सहायता राज्य के अन्य विकास कार्यों जैसे स्वास्थ्य सुविधा को सुदृढ़ करने, आंगनबाड़ी केन्द्रों के निर्माण्ा, प्रशासन अकादमी के निर्माण और अन्य कार्यों के लिए दी गई है। मुख्य सचिव श्री पी. जॉय उम्मेन ने आज यहां बताया कि नया रायपुर मे आफिस काम्प्लेक्स के निर्माण और शासकीय कर्मचारियों के आवास के लिए 450 करोड़ दिए गए हैं।
उन्होने बताया कि मुख्यमंत्री नया रायपुर को एक ऐसी पहचान दिलाना चाहते हैं जहां आधुनिकता और परंपरा दोनों का संगम हो और नया रायपुर इको फ्रेन्डली राजधानी के रूप मे विकसित हो जिसकी मिसाल दी जा सके।
इसके लिए राज्य शासन ने जलाशयों के संरक्षण, ग्रीन बेल्ट बढ़ाने के लिए सिटी पार्क विकसित करने और ऊर्जा के गैर परंपरागत स्त्रोतों को बढ़ावा देने संबंधी प्रस्ताव 13वें वित्त आयोग को भेजे थे। इसके लिए आयोग से 100 करोड़ रूपये की सहायता मिली है।
श्री उम्मेन ने बताया कि पुलिस बल विशेष रूप से कास्टेंबल, हेड कांस्टेबल और गैर राजपत्रित अधिकारियों के आवास निर्माण के लिए 250 करोड़, आंगनबाड़ी केन्द्रों के निर्माण के लिए 150 करोड़ ।
नई जेल बनाने और सेन्ट्रल जेल के सुदृढ़ीकरण के लिए और अन्य जेलों के उन्नयन के लिए 150 करोड़ रूपये और पुलिस प्रशिक्षण के लिए 42 करोड़ रूपये स्वीकृत किए गए हैं।
राज्य प्रशासनिक अकादमी के कैम्पस के निर्माण के लिए 28 करोड़, स्वाथ्य केन्द्रों के निर्माण के लिए 66 करोड़ और राज्य की समृध्द ऐतिहासिक धरोहरों, इमारतों के संरक्षण के लिए 45 करोड़ दिए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि 13वें वित्त आयोग के सचिव श्री सुमीत बोस ने प्रदेश के प्रवास के दौरान नया रायपुर मे चल रहे कार्यों का अवलोकन किया था और वे इन सबसे अत्यंत प्रभावित भी हुए थे।
राज्य शासन द्वारा समय-समय पर नया रायपुर की परियोजनाओं के लिए नई दिल्ली में विचार-विमर्श किया गया। इसके परिणाम स्वरूप राज्य शासन को नया रायपुर के लिए 550 करोड़ रूपए प्राप्त हुए।
36गढ़ डाट इन
|