चीनी कंपनी शैंगडांग इलेक्ट्रिक पावर कन्सट्रक्शन कारपोरेशन (सेपको) के प्रोजेक्ट इन्चार्ज इंजीनियर वु चूनन एवं उनके सहयोगी दो सिविल इंजीनियर ली गाउजुआन और वान वेगिंग को पुलिस ने गत 11 जनवरी को गिरफ्तार कर लिया था।
रायपुर, 19 जनवरी (36गढ डाट इन)-तीन चीनी इंजीनियरों को रास नहीं आ रहा है जेल का प्रवास। तीनों चीनी इंजीनियर रईसी के जीवन के शौकीन हैं लेकिन जेल का जीवन उनके लिए गले की हड्डी बन गया है। बराबर ये लोग स्वास्थ्य संबंधी शिकायत दर्ज कराते हैं।
साथ ही जेल की व्यवस्था पर भी अपनी नाराजगी व्यक्त करते हैं। उधर, विदित हो कि कोरबा चिमनी दुर्घटना में गिरफ्तार तीन चीनी इंजीनियरों की जमानत याचिका कोरबा जिला एवं सत्र न्यायाधीश एम. डी. कथूलकार ने पुनः खारिज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
चीनी कंपनी शैंगडांग इलेक्ट्रिक पावर कन्सट्रक्शन कारपोरेशन (सेपको) के प्रोजेक्ट इन्चार्ज इंजीनियर वु चूनन एवं उनके सहयोगी दो सिविल इंजीनियर ली गाउजुआन और वान वेगिंग को पुलिस ने गत 11 जनवरी को गिरफ्तार कर लिया था।
इन पर भादवि के धारा 304 के तहत मामला दर्ज किया गया था। उल्लेख्य है कि सेपको को बालको के लिए 1200 मेगावाट थर्मल पावर प्लान्ट स्थापित करने का ठेका दिया गया था।
इसी पावर प्लान्ट के तहत 275 मीटर ऊंची चिमनी बनायी जा रही थी जिसका काम सेपको ने गेनोन डंकरले एंड कंपनी लिमिटेड को सौंपा था।
यह चिमनी बीच में ही टूटकर गिर गयी जिसमें तकरीबन 45 मजदूरों की मौत हो गयी थी। यह घटना पिछले साल सितम्बर में घटी थी।
36गढ डाट इन